दलित-आदिवासी समस्या पर बुधवार को होगी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस दलित तथा आदिवासी समुदायों से जुड़े मुद्दों और उनकी विभिन्न समस्याओं पर विचार के लिए 29 सितंबर को यहां महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करेगी।
कांग्रेस सांसद डॉ. मल्लू रवि, मनोज कुमार, तनुज पूनिया, करमवीर बौद्ध, हमदुल्लाह सईद, भजन लाल जाटव तथा आदिवासी कांग्रेस की प्रमुख विक्रांत भूरिया ने रविवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में कांग्रेस के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद, पूर्व सांसद, कांग्रेस शासित राज्यों के मंत्री, विधायक और देशभर से पार्टी के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक यहां कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के मावलंकर हॉल में होगी जिसमें विशेष रूप से उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद किए गए शुद्धिकरण अनुष्ठान तथा देश के विभिन्न हिस्सों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदायों से जुड़े मामलों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बैठक में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। दलित-आदिवासी समुदायों के मुद्दों पर राज्यों में संयुक्त एक्शन पैनल बनाने और अन्याय तथा अत्याचार के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करने पर भी विचार होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दलित-आदिवासी विरोधी है। मोदी सरकार में दलितों-आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार बढ़ता ही जा रहा है। उनके साथ मारपीट की जाती है, उनका अपमान किया जाता है। देश के सभी दलित-आदिवासी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से 29 सितंबर को होने वाली दलित-आदिवासी सम्मान बैठक में शामिल होने तथा अन्याय के खिलाफ लड़ाई को मजबूती देने का अनुरोध किया गया है।
श्री भूरिया ने कहा कि यह एक एक्शन फोरम होगा, जिसके तहत देश में जहां भी दलित- आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार होगा, वहां जाकर उनकी लड़ाई को मजबूती दी जाएगी।

.....

Next Post

एफपीआई ने सितंबर में अब तक पूंजी बाजार से निकाले 31,464 करोड़ रुपये

Sun Sep 27 , 2026
मुंबई, 27 सितंबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने सितंबर में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से 31,464 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। शुद्ध निकासी बाजार में लगायी गयी पूंजी और बाजार से निकाली गयी पूंजी का अंतर है। इससे पहले, लगातार तीन महीने एफपीआई बाजार में शुद्ध […]

You May Like