सिंगरौली: जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा रविवार को अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया।जानकारी के अनुसार खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा द्वारा आज सोमवार को क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 जेडडी 8068 को बिना वैध अभिवहन पास के रेत का परिवहन करते पकड़ा गया। जांच में वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। जप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षार्थ पुलिस चौकी जयंत में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
