1.82 करोड़ के मोबाइल बरामद किए:तेरा तुझको अर्पण अभियान चला

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस की साइबर सेल ने तेरा तुझको अर्पण अभियान के तहत दिसंबर माह में 1.82 करोड़ रुपए कीमत के 736 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस लौटा दिए। पूरे वर्ष 2025 में अब तक 3.72 करोड़ रुपए कीमत के 1503 मोबाइल खोजे जा चुके हैं। मोबाइल मिलने पर कई लोग, जिन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, खुशी से भावुक हो उठे। पुलिस ने मोबाइल लौटाने के साथ-साथ ईमानदारी दिखाने वाले 4 नागरिकों को भी सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव और साइबर सेल टीम ने उन सभी आवेदकों को उनके मोबाइल सौंपे, जिन्होंने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मोबाइल पाने वालों में पूर्व सैनिक, किसान, छात्र, मजदूर, गृहिणी समेत कई लोग शामिल थे। कई लोग ऐसे भी थे जिन्होंने अपना मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन महीनों और सालभर बाद जब डिवाइस वापस मिला तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

*ईमानदार नागरिक सम्मानित*

कार्यक्रम में पुलिस ने उन 4 नागरिकों को सम्मानित किया, जिन्हें रास्ते में मोबाइल मिले थे और उन्होंने उन्हें तुरंत पुलिस को सौंप दिया। एसएसपी ने कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। छात्रा दीप्ति ओझा ने बताया कि उनकी मां ने मेहनत से पैसे जोड़कर उन्हें मोबाइल दिलाया था। एक साल पहले मोबाइल खो गया था। दीप्ति ने कहा कि जब मुझे पता चला कि मेरा मोबाइल मिल गया है, तो मुझे बहुत खुशी हुई। जैसे मां की मेहनत बेकार नहीं गई। पिंटो पार्क पर मिला मोबाइल पुलिस को सौंपने वाली किरण ने बताया कि मेरा भी मोबाइल खो गया था, इसलिए पता है कि मोबाइल किसी के लिए कितना जरूरी होता है। इसलिए मैंने बिना देर किए मोबाइल पुलिस को जमा करवा दिया।

*एसएसपी ने बताया…*

एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने कहा कि ‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान के तहत मिले मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस सौंपे जाते रहेंगे। जल्द ही और भी रिकवरियां पूरी कर लोगों को उनका सामान लौटाया जाएगा।

Next Post

मुरैना जिले के लिए भाजपा के नए जिला पदाधिकारियों की घोषणा

Sun Dec 7 , 2025
भोपाल।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की सहमति से आज मुरैना जिले के नए जिला पदाधिकारियों की घोषणा की गई। संगठन विस्तार की प्रक्रिया के तहत पार्टी ने जिले में आठ-आठ उपाध्यक्ष और मंत्री तथा तीन महामंत्रियों की नियुक्ति की है। जारी सूची के अनुसार चयनित पदाधिकारियों को […]

You May Like