नयी दिल्ली, 14 जून (वार्ता) आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में कोलाज स्पोर्ट्स को रविवार को 4 विकेट से हराकर प्रतिष्ठित 51वीं अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 246 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉरियर्स ने 17.1 ओवर में ही मुकाबला जीतकर पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन पर मुहर लगा दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलाज स्पोर्ट्स ने 20 ओवर में 245/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। ललित यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 109 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। कप्तान समर्थ सेठ ने 39 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि स्वास्तिक छिकारा ने 24 रनों का तेज़ योगदान दिया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स की ओर से शिवम शर्मा और शौर्य मलिक ने दो-दो विकेट हासिल किए।
246 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। हिम्मत सिंह ने मात्र 30 गेंदों में 95 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 316.67 रहा। उन्हें ध्रुव सिंह का शानदार साथ मिला, जिन्होंने 29 गेंदों में 69 रन बनाए, जबकि सार्थक रंजन ने 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में अक्षय सैनी और शिवम शर्मा की उपयोगी पारियों की बदौलत टीम ने 17.1 ओवर में 251/6 बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कोलाज स्पोर्ट्स की ओर से अरुण चपराना ने तीन विकेट लिए, जबकि अजीत (भोलू) ने दो सफलताएँ हासिल कीं, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस जीत के साथ आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम कर ली और दिल्ली के सबसे सम्मानित क्रिकेट टूर्नामेंटों में से एक में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूर्व संयुक्त सचिव, डीडीसीए राजन मनचंदा ने पुरस्कार वितरित किये।

