भोपाल: दशहरे पर रावण दहन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही रावण के पुतले बनाने वाले कारीगर भी इन्हें तैयार करने में जुटे हैं। भोपाल में 3 फीट से लेकर 50 फीट तक के रावण बनाए जा रहे हैं। बड़े दशहरा आयोजनों, जैसे दशहरा मैदान में होने वाले रावण दहन के लिए तैयार किए जाने वाले पुतलों की कीमत 2 से 3 लाख रुपये तक पहुंच रही है।
रावण बनाने वाले कारीगर बीएल वल्ल्वा के मुताबिक, पुतले तैयार करने का काम करीब एक महीने पहले से शुरू हो जाता है। इसकी प्रक्रिया में बांस को फाड़कर खपच्चियां तैयार करना, ढांचा बनाना, गोले और रिंग तैयार करना और फिर रंगीन कागज से सजावट करना शामिल है। रावण के हर हिस्से को तैयार करने में काफी मेहनत और समय लगता है।
कारीगरों का कहना है कि इस बार रंगीन कागज और अन्य जरूरी सामग्रियों की कीमतें बढ़ी हैं। इससे लागत पर असर पड़ा है, हालांकि बिक्री के बाद थोड़ा-बहुत मुनाफा मिल जाता है। अब कारीगरों को उम्मीद है कि दशहरे पर उनके बनाए पुतलों की अच्छी बिक्री होगी और लोगों के बीच रावण दहन को लेकर उत्साह बना रहेगा।
