मुंबई, 15 नवंबर (वार्ता) स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले सप्ताहांत गिरावट के बावजूद कुल मिला कर प्रमुख शेयर सूचकांकों में इससे पिछले सप्ताह की तुलना में सुधार रहा पर सप्ताह के दौरान बाजार की गति से लगा कि निकट भविष्य में भारतीय शेयर बाजार में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव और कुछ हद तक मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। इससे पिछले सप्ताह की जोरदार तेजी के बाद छुट्टियों के कारण कम कारोबारी सत्रों वाले इस सप्ताह में बाजार सीमित दायरे में कारोबार करता रहा, हालांकि इसका रुख सकारात्मक बना रहा। आगे चल कर बाजार का रुख सकारात्मक बने रहने और धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ने की संभावना बतायी जा रही है।
घरेलू बाजार में मुद्रास्फीति के दबाव से कुछ चिंताएं बढ़ी है लेकिन प्रत्यक्ष कर संग्रह के ताजा आंकड़ों, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के अच्छे कंपनियों के नतीजों तथा हाल के त्योहारी सीजन में बंपर खरीदारी से बाजार की धारणा सुधरी है। विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय बाजार की ओर पुन: आकर्षित होने के संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों के 100 डॉलर से नीचे आने से रुपया की विनिमय दर में भी जुझारुपन दिखा है। विश्लेषकों का कहना है कि कंपनियों का प्रदर्शन अधिकांश मामलों में उम्मीदों से बेहतर रहा है, जिससे भविष्य में आय वृद्धि को लेकर भरोसा बढ़ा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी से बाजार को समर्थन मिला है। वहीं, वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में हालिया गिरावट के कारण निवेशकों की रुचि भारतीय शेयर बाजार की ओर भी बढ़ी है।
विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू खुदरा महंगाई दर का आरबीआई की ऊपरी सहनशीलता सीमा से ऊपर पहुंचना और कच्चे तेल की कीमतों का फिर से 95.4 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार जाना निकट अवधि में बाजार की धारणा को प्रभावित कर सकता है। ये कारक बाजार की तेजी की रफ्तार को कुछ हद तक धीमा कर सकते हैं लेकिन कंपनियों के मजबूत नतीजे और विदेशी निवेशकों की लगातार भागीदारी बाजार के व्यापक परिदृश्य को सकारात्मक बनाए हुए हैं। पिछले दिनों जारी अक्टूबर के आंकड़ों में खुदरा मुद्रास्फीति छह प्रतिशत की सीमा को तोड़ कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गयी। इससे दिसंबर की मौद्रिक समीक्षा में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना तय मानी जा रही है।
पिछले सप्ताह बाजार तेजी पर खुले थे। महंगाई बढ़ने की चिंता, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, वैश्विक टेक्नोलॉजी शेयरों में उतार-चढ़ाव और हालिया तेज उछाल के बाद मुनाफावसूली के चलते शुक्रवार को निफ्टी 50 ने लगातार तीन कारोबारी सत्रों की तेजी पर विराम लगाया और 0.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,144 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 में क्रमशः 0.2 प्रतिशत और 0.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल स्तर पर सभी सेक्टर गिरावट के साथ बंद हुए। सीमेंट, रियल्टी और ऑटो सेक्टर में सबसे अधिक कमजोरी देखने को मिली।
बीएसई सेंसेक्स भी आखिरी दिन 0.39 प्रतिशत गिर कर 81,592.45 अंक पर बंद हुआ। वैसे सप्ताह के दौरान बीएसई 30 और एनएसई 50 कुल मिला कर बढ़त के साथ बंद हुए। ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 95.4 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल रही, जबकि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर 94.2 के स्तर पर पहुंच गया। एमएससीआई (मोर्गन स्टैनले कैपिटल इंटरनेशनल) ने नवंबर 2026 की समीक्षा में कोफोर्ज, एलआईसी, अडानी ग्रीन एनर्जी और मीशो को अपने ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में शामिल किया है, जबकि पीआई इंडस्ट्रीज को बाहर किया गया है। ये बदलाव 30 नवंबर को बाजार बंद होने के बाद प्रभावी होंगे।
सप्ताह के दौरान विदेशी निवेशकों ने खरीदारी का सिलसिला जारी रखा। गुरुवार को उन्होंने 7,830.6 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। यह लगातार नौवां कारोबारी सत्र रहा, जब विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में शुद्ध खरीदारी की। इस बीच, वित्त वर्ष 2026-27 में 10 नवंबर तक भारत का शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह सालाना आधार पर 11.76 प्रतिशत बढ़कर 14.42 लाख करोड़ रुपये रहा।
इस सप्ताह बाजार की नजर सोमवार को जारी होने वाले देश के अक्टूबर महीने के थोक मूल्य सूचकांक महंगाई आंकड़ों पर रहेगी। वैश्विक स्तर पर बुधवार को एनविदिया ( इस समय सीईओ के इस्तीफे से प्रभावित अमेरिकी टेक कंपनी) के तीसरी तिमाही के नतीजे प्रमुख घटनाक्रम होंगे। विश्लेषकों के अनुसार इन नतीजों का असर वैश्विक टेक्नोलॉजी शेयरों की धारणा पर पड़ सकता है और यह तय करने में अहम भूमिका निभाएगा कि आई आधारित शेयरों से निकलकर भारत जैसे बाजारों की ओर निवेशकों का रुझान जारी रहता है या नहीं।
बुधवार को ही अमेरिका के फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की बैठक के मिनट्स भी जारी होंगे। निवेशक दिसंबर की बैठक से पहले अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के रुख को समझने के लिए इन पर नजर रखेंगे। सप्ताह के दौरान घोषित किये जाने वाले अमेरिका , ब्रिटने के खुदरा बिक्री आंकड़े,, चीन के औद्योगिक उत्पादन आंकड़े और नवंबर के पीएमआई आंकड़े भी बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेंगे। बाजार की निगाह अशोक लेलैंड और हीरो मोटर्स के तथा कुछ अन्य प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजों पर भी रहेगी।
बाजार के विभिन्न खंडों के सप्ताह के दौरान मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया। निवेशकों ने डिफेंसिव फार्मा शेयरों से पैसा निकालकर बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, ऑटो और रियल्टी सेक्टर की ओर रुख किया। विदेशी निवेशकों ने व्यापक बाजार में खरीदारी करने के बजाय बड़े शेयरों, विशेषकर लार्जकैप फाइनेंशियल कंपनियों में निवेश को प्राथमिकता दी। मजबूत रुपये और वैश्विक स्तर पर लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरें बने रहने की आशंका के कारण सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर का प्रदर्शन कमजोर रहा। मेटल शेयरों में भी सुस्ती देखने को मिली। वहीं, सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में बैंकिंग, रियल्टी और ऑटो शेयरों पर सबसे ज्यादा बिकवाली का दबाव रहा।
ज्यादातर विश्लेषकों का मानना है कि निकट अवधि में बाजार में सीमित दायरे में कारोबार और थोड़ी सतर्कता देखने को मिल सकती है। निवेशकों को चुनिंदा शेयरों पर ध्यान देना चाहिए। बेहतर आय की स्पष्ट संभावनाओं वाली लार्जकैप कंपनियों को प्राथमिकता देनी चाहिए और बाजार में गिरावट आने पर अच्छी कंपनियों के शेयरों में धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने का अवसर तलाशना चाहिए।

