चाकू की नोंक पर लूट करने वाली ई-रिक्शा गैंग गिरफ्तार

जबलपुर। विजय नगर पुलिस ने चाकू की नोंक पर लूट करने वाली शातिर ई-रिक्शा गैंग को दबोच लिया है।पुलिस के अनुसार लमती निवासी गौरव ठाकुर (29) गढ़ा फाटक स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता है। वह 20 जुलाई की रात करीब 11 बजे घड़ी चौक से पैदल अपने घर लौट रहा था। तभी बचपन स्कूल के पास एक लाल रंग का ई-रिक्शा आकर रुका। उसमें से उतरे दो बदमाशों ने गौरव पर चाकू अड़ा दिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर 3,900 नगद व पहचान पत्र से भरा पर्स छीनकर मानस चौक की तरफ भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। सुराग मिलते ही पुलिस टीम ने माढ़ोताल के राजीव गांधी नगर में दबिश दी और घेराबंदी कर नंदू उर्फ शिवकुमार नायक (30), तारा उर्फ तनुज नायक (23) दोनों निवासी माढ़ोताल और संजू केवट (22) निवासी करमेता को दबोच लिया हैं।

पुलिस ने पकड़े गए शातिर बदमाशों के पास से छीने गए रुपयों में से 450 नगद बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष राशि आरोपियों ने खर्च करना बताया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी नंदू नायक के खिलाफ पूर्व से चोरी और आर्म्स एक्ट के 3 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, संजू केवट के विरुद्ध सट्टा और आबकारी एक्ट के 2 अपराध दर्ज हैं। तीनों को जेल भेज दिया गया है।

Next Post

पश्चिम एशिया संकट के कारण सार्वजनिक तेल विपणन कंपनियों को 18,150 करोड़ का नुकसान

Sun Aug 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के कारण सार्वजनिक तेल विपणन कंपनियों को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकल आधार पर 18,150 करोड़ रुपये का शुद्ध नुकसान हुआ। पश्चिम एशिया संकट की शुरुआत इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के […]

You May Like