
ग्वालियर । तिघरा डैम में पिकनिक मनाने के दौरान डूबे गजराराजा मेडिकल कॉलेज के दूसरे एमबीबीएस छात्र का शव भी रविवार को रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिया गया है। शनिवार को एक छात्र का शव पहले ही मिल चुका था। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों ही मृत छात्रों के परिजन रविवार को ग्वालियर पहुंच गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस असमय हादसे से पूरे मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
*पैर फिसलने से गहरे पानी में समा गए थे छात्र*
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार गजराराजा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर में पढ़ने वाले छात्र शनिवार शाम को तिघरा डैम पर पिकनिक मनाने गए थे। डैम के पथरीले और रपटीले किनारे पर टहलने के दौरान अचानक छात्रों का पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वे सीधे डैम के गहरे पानी में चले गए। शनिवार देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में एक छात्र का शव निकाल लिया गया था, वहीं रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी छात्र आयुष श्रीवास्तव का शव भी ग्रामीणों की मदद से ढूंढ निकाला गया।
*परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल:*
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल दोनों छात्रों के परिजनों को सूचना दी थी। रविवार सुबह शव गृह पहुंचे परिजनों का विलाप देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गजराराजा मेडिकल कॉलेज में सन्नाटा पसरा हुआ है। सहपाठियों और शिक्षकों को विश्वास नहीं हो रहा कि कल तक उनके साथ हंसने-खेलने वाले होनहार साथी अब इस दुनिया में नहीं हैं।
*इनका कहना है…*
यह बेहद दर्दनाक और दुखद घटना है। हमारे होनहार छात्र पिकनिक पर गए थे और वहां इस हादसे का शिकार हो गए। यह ग्वालियर मेडिकल कॉलेज के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। इस कठिन समय में संस्थान और पीड़ित परिवारों पर क्या गुजर रही है, इसे शब्दों में बयां करना मुमकिन नहीं है।
— डॉ. आर.के.एस. धाकड़, डीन गजराराजा मेडिकल कॉलेज
