
नीमच। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अब बेहद जरूरी हो गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं ने अब तक अपने गैस कनेक्शन का आधार सत्यापन या ई-केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें 30 जून 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर 1 जुलाई से गैस सब्सिडी का लाभ बंद कर दिया जाएगा।
तेल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल ई-केवाईसी नहीं होने पर गैस सिलेंडर की सप्लाई तुरंत बंद नहीं होगी, लेकिन उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी रोक दी जाएगी। साथ ही अगले चरण में ई-केवाईसी लंबित रहने पर ऐसे कनेक्शनों को सस्पेंड या निष्क्रिय करने की भी योजना है। ऐसा होने पर आपको मिलने वाला गैस सिलेंडर तब तक नहीं मिलेगा, जब तक आप इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर लेते। सत्यापन न होने की स्थिति में गैस खाते को स्थायी रूप से बंद भी किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही आधार प्रमाणीकरण या ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि जिनका सत्यापन अभी तक लंबित है, उन्हें जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराना होगा।
फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शन पर रोक है मकसद
सरकार ने 2016 से गैस खातों को आधार से लिंक करना अनिवार्य किया था। वहीं पिछले दो सालों से इसका खातों का आधार सत्यापन अनिवार्य किया है। इसका मकसद फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों को बंद करते हुए ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर पहुंचाना है। आधार सत्यापन से एक व्यक्ति सिर्फ एक ही कनेक्शन रख पाएगा। एक से ज्यादा कनेक्शन होने पर आधार सत्यापन के समय इसे पकड़ा जा सकेगा और तुरंत एक से ज्यादा कनेक्शनों को बंद किया जा सकेगा।
उज्ज्वला योजना में हर साल सत्यापन जरूरी
एक ओर जहां आम उपभोक्ताओं के लिए आधार सत्यापन की प्रक्रिया सिर्फ एक बार करना है, वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए प्रत्येक वित्तीय वर्ष में कम से कम एक बार बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें मिलने वाली सब्सिडी रोकी जा सकती है।
गैस एजेंसी या घर बैठे भी करें ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपनी गैस एजेंसी पर जाकर या घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के आधिकारिक ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन या ओटीपी के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
घर बैठे ऐसे करें ई-केवाईसी
-गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
-रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉग इन करें।
-प्रोफाइल में जाकर ई-केवाईसी विकल्प चुनें।
-आधार नंबर दर्ज करें।
-फेस ऑथेंटिकेशन या ओटीपी के माध्यम से सत्यापन पूरा करें।
