जबलपुर:अमर शहीदों का अपमान करने का आरोप आरएसएस कार्यकर्ताओं पर लगाकर कांग्रेस ने एक बार फिर से शहर के सियासी माहौल में सरगर्मी ला दी है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा है कि अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जूते पहनकर माल्यार्पण किया है। यह कृत्य शहीदों के सम्मान का घोर अपमान है और आदिवासी समाज की आस्था व अस्मिता पर सीधा प्रहार है।
इसी कृत्य के विरोध में कंाग्रेस द्वारा 20 सितंबर को शाम 4 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें कांग्रेसियों द्वारा सबसे पहले शहीदों की प्रतिमा को नर्मदा जल से स्वच्छ किया जाएगा फिर शहीदों को पुन: सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और इसके बाद महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन कलेक्टर साहब को सौंपा जाएगा। पूरा कार्यक्रम राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह प्रतिमा स्थल, मालगोदाम गोंडवाना चौक पर कांग्रेसियों द्वारा आयोजित किया गया है।
