सीहोर। दमोह पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए जिले के बिलकिसगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ रेडियोग्राफर हीरा सिंह कौशल को जांच के सिलसिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. पुलिस टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में करीब एक घंटे तक संबंधित कक्ष और दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की तथा आवश्यक जानकारी जुटाई.
इधर, गंभीर आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए हीरा सिंह कौशल को निलंबित कर दिया है. कौशल के विरुद्ध दमोह जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में गिरफ्तारी होने के बाद यह कार्रवाई की गई है. जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत किसी शासकीय कर्मचारी के 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस अभिरक्षा अथवा न्यायिक हिरासत में रहने की स्थिति में निलंबन का प्रावधान है. इसी नियम के तहतक्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया.
निलंबन अवधि के दौरान हीरा सिंह कौशल का मुख्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला राजगढ़ निर्धारित किया गया है. विभागीय कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे में हलचल का माहौल है. उल्लेखनीय है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी की गिरफ्तारी और उसके बाद हुई विभागीय कार्रवाई को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं जारी हैं. वहीं दमोह पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इसी क्रम में दस्तावेजों के सत्यापन के लिए आरोपी को बिलकिसगंज स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था.
स्वास्थ्य विभाग के इस कदम को सेवा नियमों के तहत की गई नियमित कार्रवाई माना जा रहा है. मामले में आगामी जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
