भोपाल। चौक धर्मशाला में आचार्य संभव सागर महाराज के शिष्य मुनि संभव सागर महाराज के ससंघ सान्निध्य में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान जिनेंद्र के अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन-अर्चन के साथ हुई। प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि अनुष्ठान के पुण्यार्जक परिवार श्रीमती पांचूबाई-सुहागमल जैन एवं ऋषभ-मंजू जैन हैं। चौक जिनालय से गाजे-बाजे के साथ निकली घटयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कमलश्री, विनोद, विपिन एवं एमपीटी परिवार ने ध्वजारोहण किया, वहीं भक्तों ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। अविनाश भैया के निर्देशन में मंडल शुद्धि, पात्र शुद्धि एवं सकलीकरण की क्रियाएं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुईं। मुनि संभव सागर महाराज ने धार्मिक अनुष्ठानों में परिणामों की शुद्धता और समभाव बनाए रखने का संदेश दिया। समारोह में समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
