प्रदेशव्यापी अभियान में 100 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

भोपाल। संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक माह में प्रदेशभर से 100 चोरी की मोटरसाइकिलें, दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक टेम्पो बरामद किया गया है। विभिन्न जिलों में की गई समन्वित कार्रवाई में संगठित वाहन चोरी गिरोहों से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इंदौर के बाणगंगा थाना पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लगभग 16 लाख रुपये मूल्य की 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। ये वाहन इंदौर, भोपाल सहित अन्य क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। जांच में पता चला कि आरोपी चोरी के वाहनों को सुनसान स्थानों, खंडहरों और खाली इमारतों में छिपाकर रखते थे तथा मांग आने पर उन्हें बेच देते थे। गिरफ्तारी के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह वाहन की नंबर प्लेट बदलने के साथ इंजन और चेसिस नंबर तक मिटा देता था।

इसी प्रकार इटारसी जीआरपी ने वाहन चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लगभग 13.40 लाख रुपये मूल्य की 16 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त कीं।

विदिशा कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी और दो विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर करीब 14 लाख रुपये मूल्य की 12 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं मंडला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रॉयल एनफील्ड, यामाहा आर-15 और पल्सर सहित सात मोटरसाइकिलें जब्त कीं, जिनकी अनुमानित कीमत नौ लाख रुपये बताई गई है।

सतना, राजगढ़ और आगर मालवा में भी पुलिस ने वाहन चोरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके अलावा अलीराजपुर, मंदसौर, शहडोल, मुरैना, सीहोर, बड़वानी, शिवपुरी, नर्मदापुरम, दतिया सहित अन्य जिलों में भी चोरी के वाहन जब्त किए गए।

मोटरसाइकिलों के अतिरिक्त ग्वालियर के जनकगंज थाना पुलिस ने एक चोरी का टेम्पो बरामद किया, जबकि सीहोर और सिवनी जिले के लखनादौन में पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कीं। इनमें से एक बरामदगी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़ी बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वाहन चोरी और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के प्रयास और तेज किए जाएंगे।

 

Next Post

...तो क्या मुलताई-बैतूल हाईवे पर अवैध रूप से रोके जा रहे वाहन? NHAI प्रबंधक के बयान से मचा हड़कंप

Sun May 31 , 2026
मुलताई। नेशनल हाईवे मुलताई बैतूल रोड पर आरटीओ चेक पोस्ट ससुंद्रा के सामने परिवहन विभाग विभाग द्वारा बेरीकेड्स लगाकर हाईवे पर वाहनों की जांच के नाम पर ट्रैफिक रोका जा रहा है। इस संबंध मे विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियो से अनुमति नही ली गई है। जिससे हाईवे पर […]

You May Like