
बनखेड़ी। बनखेड़ी जनपद पंचायत में जनपद सीईओ के विरोध में सचिव एवं सहायक सचिव संघ की हड़ताल लगातार छठे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। गांवों में न तो हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ मिल पा रहा है और न ही सामुदायिक विकास से जुड़े कार्य आगे बढ़ पा रहे हैं।
सचिव एवं सहायक सचिवों का आरोप है कि जनपद सीईओ द्वारा छोटे-छोटे कार्यों और भुगतान के लिए भी अवैध रूप से राशि की मांग की जाती है। भ्रष्टाचार से त्रस्त कर्मचारियों ने जब तक दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।
हड़ताल के कारण ग्राम पंचायतों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निर्माण कार्य, भुगतान संबंधी कार्य सहित अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित हो गई हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
अब सवाल यह उठ रहा है कि शासन कब तक इस पूरे मामले पर संज्ञान लेकर दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करेगा। यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो इसका सीधा असर ग्रामीण विकास कार्यों पर पड़ेगा।
इन्होंने कहा
मैने सचिवों को आश्वासन दिया था कि कार्यवाही होगी
कागजी कार्यवाही चल रही है उनको बता दो ऐसे कार्य ना रोके 6 दिन से कार्य ठप है ये ब्लॉक के लिए ठीक नहीं है
हिमांशु जैन
सीईओ जिला पंचायत नर्मदापुरम
