आत्महत्या केस में राहत देने के नाम पर 50 हजार की रिश्वत मांगने वाला आरोपी पकड़ाया

इंदौर। बड़वानी जिले के अंजड़ थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक और आरक्षक के खिलाफ आत्महत्या के एक मामले में राहत देने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है. शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त इंदौर ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का प्रकरण दर्ज कर लिया है.

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने बताया कि यह कार्रवाई अंजड़ निवासी जयराज चौधरी की शिकायत पर की गई. जयराज चौधरी डायमंड ज्वेलर्स के संचालक हैं और सौर ऊर्जा सामग्री की सप्लाई का काम भी करते हैं. शिकायत के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले भारत बर्फा नामक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी, जिसकी जांच अंजड़ थाना पुलिस कर रही थी. इसी मामले में उपनिरीक्षक महावीर सिंह चंदेल ने जयराज चौधरी को थाने बुलाकर पूछताछ की थी. आरोप है कि 24 जनवरी को न्यायालय के पास उपनिरीक्षक चंदेल और आरक्षक पवन प्रजापति ने जयराज को रोककर कहा कि उन्हें इस मामले में परेशान नहीं किया गया है और केस खत्म करा देंगे. इसके बदले दोनों ने 50 हजार रुपये ‘खर्चा-पानी’ के रूप में मांगे और पैसे नहीं देने पर पुराने मामलों में फंसाने की धमकी दी. शिकायतकर्ता ने इस संबंध में लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में लिखित शिकायत की. इसके बाद लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया. जांच में सामने आया कि आरक्षक पवन प्रजापति ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये ले लिए और शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई थी. सत्यापन में आरोपों की पुष्टि होने पर लोकायुक्त पुलिस ने उपनिरीक्षक महावीर सिंह चंदेल और आरक्षक पवन प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, मामले की विवेचना जारी है.

Next Post

रिटायरमेंट की कागजी कार्रवाई के बदले मांग रही थी रिश्वत, PWD की महिला कर्मचारी गिरफ्तार

Mon Mar 9 , 2026
भोपाल। लोकायुक्त ने लोक निर्माण विभाग में पदस्थ एक महिला कर्मचारी को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोप है कि स्थापना शाखा में पदस्थ महिला कर्मचारी ने 6 हजार रूपए रिश्वत के तौर पर मांगा था. विभाग में एक कर्मचारी का आगामी महीने में रिटायर्डमेंट होना है. […]

You May Like