जबलपुर: रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोतवाल पार्क के पास बने एक कम्प्यूटर सेंटर में सीपीसीटी की क्लास लेने आने वाली एक छात्रा के साथ टीचर द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार रांझी क्षेत्र में कोतवाल पार्क के समीप स्थित एलिट स्कूल में सीपीसीटी क्लासेज संचालित होती हैं जहाँ कम्प्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाता है।
यहाँ आने वाली 19 वर्षीय एक छात्रा ने रांझी थाने में पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उक्त सेंटर में हर्षदीप नान्दरा नाम का व्यक्ति छात्र-छात्राओं को पढ़ाने का काम करता है। आरोपी टीचर पढ़ाते समय छात्रा पर बुरी नीयत रखता था और अक्सर उसे गलत तरीके से छूने का प्रयास करता था। पीड़िता और उसकी सहेली ने जब इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया तो आरोपी टीचर उन्हें अपनी क्लास से बाहर निकालने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगा। टीचर की लगातार हरकतों और धमकियों से डरकर छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी।
कुछ दिन पहले जब क्लास में छात्रा अकेली थी, तब आरोपी ने फिर से उसके साथ अश्लील हरकत की। इस बार छात्रा ने हिम्मत जुटाई और घर पहुंचकर अपने परिजनों को टीचर की पूरी करतूत के बारे में विस्तार से बताया। परिजनों को जब इस बात की जानकारी मिली तो वे गुस्से में आ गए और शनिवार की रात को पीड़िता को लेकर सीधे रांझी थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
