
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में जुलाई से सितंबर के बीच 90 हजार से अधिक पौधे रोपे गए हैं। ‘हरियाली महोत्सव’ के तहत हुए इस वृहद अभियान में बीना–कटनी, जबलपुर–कटनी, कटनी–मानिकपुर, इटारसी–जबलपुर और कटनी–सिंगरौली रेलखंडों को शामिल किया गया। इनमें सबसे अधिक कटनी–मानिकपुर रेलखंड में 26,296, जबकि जबलपुर–कटनी में 22,764, बीना–कटनी में 16,709, कटनी–सिंगरौली में 13,783 और इटारसी–जबलपुर रेलखंड में 11,420 पौधे लगाए गए। वृहद वृक्षारोपण से रेल परिसरों और पटरियों के आसपास हरित आवरण बढ़ने के साथ धूल एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण, कार्बन अवशोषण और मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिलेगी। हरित क्षेत्र गर्मी के प्रभाव को कम करने के साथ यात्रियों और रेल कर्मचारियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करेंगे तथा पक्षियों व छोटे जीवों के लिए प्राकृतिक आवास भी विकसित होंगे। रेलवे ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष जोर दिया है, ताकि आने वाले वर्षों में यह अभियान व्यापक हरित क्षेत्र का रूप ले सके।
