बजाज फाइनेंस से 2.12 लाख की धोखाधड़ी, मृत पिता के नाम पर बेटे ने लिया लोन

इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपने मृत पिता के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर बजाज फाइनेंस से 2 लाख 12 हजार 911 रुपए का लोन पास करा लिया. मामले का खुलासा कंपनी की आंतरिक जांच में होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है.
बजाज फाइनेंस के एमए बिजनेस सेंटर, विजय नगर स्थित कार्यालय के अधिकारी आकाश शंभूदयाल गौतम ने थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई थी.

पुलिस जांच में सामने आया कि लसूड़िया में रहने वाले आरोपी अंकित चौहान ने अपने दिवंगत पिता अच्छेलाल रामचीज चौहान के पुराने दस्तावेज, मोबाइल नंबर और क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल कर लोन के लिए आवेदन किया. कंपनी की ऑटोमेटेड प्रक्रिया के चलते दस्तावेज सही पाए जाने पर लोन स्वीकृत हो गया. इसके बाद आरोपी ने पूरी राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर व्यक्तिगत उपयोग में खर्च कर दी.

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने लोन की किश्तें जमा नहीं कीं. कंपनी के ऑडिट और जांच में पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम पर लोन लिया गया, उसकी पहले ही मृत्यु हो चुकी है और रकम बेटे के खाते में ट्रांसफर हुई है. शिकायत के आधार पर विजय नगर पुलिस ने दस्तावेजों की जांच के बाद आरोपी अंकित चौहान के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

Next Post

डायमंड लीग भारतीय एथलीट सचिन यादव आठवें स्थान पर रहे

Fri Jun 5 , 2026
रोम, 05 जून (वार्ता) भारतीय एथलीट सचिन यादव का डायमंड लीग 2026 में पर्दापण बेहद निराशाजनक रहा। वह पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 10 खिलाड़ियों के मुकाबले में ओलंपिक पदक विजेता जूलियस येगो और जैकब वाडलेच के बीच 79.18 मीटर थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे। गुरुवार को […]

You May Like