रोम, 05 जून (वार्ता) भारतीय एथलीट सचिन यादव का डायमंड लीग 2026 में पर्दापण बेहद निराशाजनक रहा। वह पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 10 खिलाड़ियों के मुकाबले में ओलंपिक पदक विजेता जूलियस येगो और जैकब वाडलेच के बीच 79.18 मीटर थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे।
गुरुवार को हुई यह स्पर्धा 26 साल के सचिन यादव का पहला अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट था। इससे पहले उन्होंने पिछले साल टोक्यो में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में 86.27 मीटर के अपने निजी सर्वश्रेष्ठ के साथ चौथा स्थान हासिल किया था। टोक्यो में यादव ने अपने ही देश के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ दिया था, जो 84.03 मीटर के साथ आठवें स्थान पर रहे थे। सचिन यादव का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 81.95 मीटर है, जो उन्होंने अप्रैल में नई दिल्ली में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज़ 3 में किया था। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफ़ाइंग स्टैंडर्ड 82.61 मीटर तय किया है।
श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम का एशियाई रिकॉर्ड तोड़ने के बहुत करीब पहुंच गए। स्टेडियो ओलंपिको में रुमेश पथिरागे का 92.62 मीटर का विजयी थ्रो, पेरिस 2024 ओलंपिक में नदीम के एशियाई रिकॉर्ड और गोल्ड मेडल जीतने वाले थ्रो से सिर्फ़ 35 सेंटीमीटर कम था।
23 वर्षीय श्रीलंकाई खिलाड़ी का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.37 मीटर था, जो उन्होंने मार्च में एक घरेलू प्रतियोगिता में हासिल किया था। उन्होंने अगले महीने नैरोबी में एक प्रतियोगिता में 89.28 मीटर का थ्रो भी किया था। रुमेश पथिरागे ने अपने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि पहले प्रयास में उन्होंने 84.49 मीटर की दूरी तय की थी।
इस उपलब्धि के साथ, वे जैवलिन में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले केवल चौथे एशियाई खिलाड़ी बन गए। अन्य खिलाड़ियों में चीनी ताइपे के चेंग चाओ-त्सुन (सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 91.36 मीटर), भारत के पूर्व ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा (90.23 मीटर) और नदीम शामिल हैं, जिन्होंने कई बार यह आंकड़ा पार किया है। इसने नॉर्वे के एंड्रियास थोरकिल्डसन द्वारा 2006 में बनाए गए 90.34 मीटर के 20 साल पुराने मीट रिकॉर्ड को भी 2.28 मीटर के बड़े अंतर से तोड़ दिया। रुमेश पथिरागे के नाम अब इस साल पुरुषों के जैवलिन थ्रो में दो सबसे बेहतरीन थ्रो का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। यह श्रीलंका का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी था। ग्रेनाडा के पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स 83.91 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रोम में दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन 83.89 मीटर के साथ तीसरे स्थान हासिल किया।

