
रीवा, रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेडवा नदी की छोटी पुलिया के पास यूनियन बैंक ऑफ इंडिया,मनिकवार शाखा की टीम की कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और कार में सवार सभी चार लोग सुरक्षित बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मनिकवार शाखा के मैनेजर अपनी टीम के तीन अन्य सदस्यों के साथ लोन रिकवरी के कार्य से रागनियां गांव की ओर जा रहे थे। दोपहर के समय जैसे ही उनकी कार क्रमांक *MP 17 DZ 1016* रेडवा नदी की छोटी पुलिया के पास पहुंची, अचानक कार का ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर के लाख प्रयास के बावजूद कार अनियंत्रित हो गई और सीधे पुलिया से नीचे नदी के पानी में जा समाई।कार के नदी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़े।
*तैरकर बचाई जान, पुलिस ने शुरू की जांच*
बताया जा रहा है कि कार में बैंक मैनेजर सहित कुल 4 लोग सवार थे। सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी चारों लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। नदी में गिरी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते चारों लोग कार से बाहर नहीं निकलते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
