वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया

मुम्बई , (वार्ता) शिमरॉन हेटमायर (85) और रोवमन पॉवेल (59) की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों के बाद गुडाकेश मोती (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने सोमवार को टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में जिम्बाब्वे 107 रनों से शिकस्त दी।

255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 20 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। तडिवनाशे मारुमानी (14), ब्रायन बेनेट (पांच) और रायन बर्ल (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद डिओन मेयर्स और कप्तान सिकंदर रजा की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। सातवें ओवर में गुडाकेश मोती ने डिओन मेयर्स 15 गेंदों में (28) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। 11वें ओवर में गुडाकेश मोती ने सिकंदर रजा 20 गेंदों में 27 रन को भी बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। वेस्टइंडीज के गेंदबाजी आक्रमण के आगे ताशिंगा मुसेकिवा (शून्य) और ग्रीम क्रेमर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गये। जिम्बाब्वे के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। 18वें ओवर की चौथी गेंद पर मैथ्यू फ़ोर्ड ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे ब्रैड एवंस को आउट कर जिम्बाब्वे की पारी को 147 के स्कोर पर अंत कर वेस्टइंडीज को 107 रनों से जीत दिला दी। ब्रैड एवंस ने 21 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 43 रनों की पारी खेली।

वेस्टइंडीज के लिये गुडाकेश मोती ने चार और अकील हुसैन ने तीन विकेट लिये। मैथ्यू फ़ोर्ड को दो विकेट मिले। जेसन होल्डर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टी-20 विश्वकप का सबसे बड़ा स्कोर छह विकेट पर 254 रन खड़ा किया। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 54 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। ब्रैंडन किंग (नौ) और कप्तान शाई होप (14) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर और रोवमन पॉवेल की जोड़ी ने ना केवल पारी को संभाला विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करने हुए तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े।15वें ओवर में ग्रीम क्रेमर ने शतक की ओर बढ़ रहे शिमरॉन हेटमायर को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। शिमरॉन हेटमायर ने 34 गेंदों में सात चौके और सात छक्के लगाते हुए 85 रनों की पारी खेली। शिमरन हेटमायर ने इस मैच टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने।

17वें ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी ने रोवमन पॉवेल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। रोवमन पॉवेल ने 35 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 59 रन बनाये। रोमारियो शेफर्ड 10 गेंदों में (21), जेसन होल्डर चार गेंदों में (13) रन बनाकर आउट हुये। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 254 रनों का विशाल स्कोर बनाया। शरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में नाबाद 31 रनों की पारी खेली। वेस्टइंडीज द्वारा यह इस टी-20 विश्वकप का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं टी-20 विश्वकप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

जिम्बाब्वे के लिए रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजराबानी ने दो-दो विकेट लिये। ब्रैड एवंस ग्रीम क्रैमर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

840 नये अधिवक्ता हुए नामांकित, दो की सनद बहाल

Tue Feb 24 , 2026
जबलपुर: मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद में नामांकन समिति-ए की बैठक संपन्न हुई। जिसमें 840 नये अधिवक्ता नामांकित किये गये, साथ ही दो की सनद पुन: बहाल की गई।नामाकंन समिति-ए की बैठक में परिषद के वाईस चेयरमेन आरके सिंह सैनी, राजेश कुमार शुक्ला एवं कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी उपस्थित रहे। नामांकन समिति-ए […]

You May Like