मालगाड़ियों में टेल लैंप के रखरखाव के आदेश पर रनिंग स्टाफ का विरोध

जबलपुर। मालगाड़ियों में टेल लैंप की व्यवस्था और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी रनिंग स्टाफ पर डालने के रेल प्रशासन के नए आदेश के विरोध में पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि रनिंग स्टाफ पहले से ही अत्यधिक कार्यभार के बीच ट्रेन संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहा है, ऐसे में टेल लैंप के रखरखाव का अतिरिक्त दायित्व उनकी कार्यक्षमता के साथ रेल सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकता है। संघ के महामंत्री अशोक शर्मा ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर आदेश तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मानकों के विपरीत है आदेश 

संघ के निर्णय के अनुसार 28 सितंबर से लोको पायलट, सहायक लोको पायलट तथा ट्रेन मैनेजर/गार्ड काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करेंगे। संघ के प्रवक्ता सतीश कुमार ने कहा कि नया आदेश सुरक्षा मानकों के विपरीत है और इससे रनिंग स्टाफ पर मानसिक दबाव बढ़ेगा। आंदोलन में मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, मंडल सचिव एस.एन. शुक्ला, सतीश कुमार, संयुक्त महामंत्री संदीप श्रोती, महिला उपाध्यक्ष सावित्री त्रिपाठी, हर्ष वर्मा, रोशन यादव, संतोष त्रिवेणी, संजय चौधरी, आर.ए. सिंह, योगेंद्र सिंह, भूपत सिंह, अनिकेत कुमार और सुधीर कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन की अगली चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

रोशिबिना, मिक्स्ड रिले सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज़ मेडल से भारत के पदकों की संख्या 17 हुई

Thu Sep 24 , 2026
आइची नागोया, 24 सितंबर (वार्ता) नाओरेम रोशिबिना देवी और भारत की मिक्स्ड 4×400मी रिले चौकड़ी ने सिल्वर मेडल जीते, जबकि सीमा कुमारी (महिलाओं की 10000मी), अनंतजीत सिंह नरुका-परिनाज़ धालीवाल की पुरुषों की स्कीट शूटिंग टीम तथा सतनाम सिंह और सलमान खान की पुरुष युगल स्कल्स जोड़ी ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीते। […]

You May Like