
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों का लगातार अपमान हो रहा है लेकिन इन मामलों में मोदी सरकार चुप्पी साधे हुए है और वह भारतीयों के हितों तथा गरिमा की मजबूती से पैरवी नहीं कर पा रही है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपना ‘मित्र’ बताते रहे हैं, उनके प्रशासन में भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों का लगातार अपमान हो रहा है लेकिन मोदी सरकार इस पूरे प्रकरण पर मूक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) के आधिकारिक हैंडल से ‘मिस्टर सिंह’ को निशाना बनाकर एक आपत्तिजनक पोस्टर जारी किया गया जिसमें पगड़ीधारी भारतीय को ‘हमारी सड़कों से हट जाओ, स्वेच्छा से देश छोड़ दो, वरना अंजाम भुगतो’ जैसी धमकी दी गई। इसका जब अमेरिका में व्यापक विरोध हुआ तो उसके बाद विभाग को यह पोस्ट हटाने पड़े लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि बाद में भी उसने अपने आधिकारिक पोस्ट के जरिए इस अभियान और उसकी भाषा का बचाव किया है। श्री रमेश ने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति या समुदाय का अपमान नहीं, बल्कि सभी भारतीयों की गरिमा का अपमान है और ऐसी नस्ली रूढ़ियों तथा सरकारी स्तर की बदतमीजी का कठोर प्रतिवाद होना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भारतीयों को हथकड़ियों और पैरों में बेड़ियों के साथ अमेरिकी सैन्य विमान से भारत भेजे जाने तथा अमेरिका की ओर से भारत पर एकतरफा अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के मामलों में मोदी सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में रही है। श्री रमेश ने सवाल किया कि ‘विश्व गुरु’ होने का दंभ भरने वाली मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत की कूटनीतिक ताकत इतनी कमजोर क्यों हो गई है कि देश के हितों और संप्रभुता पर एक के बाद एक आघात हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश नीति में मित्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन राष्ट्रहित, भारतीयों की गरिमा और भारत की संप्रभुता सर्वोपरि हैं और उन पर कोई समझौता नहीं हो सकता।
