लाल रंग के छीटों से दिन दहाड़े डेढ़ लाख की चोरी: नाबालिग अपराधी के सुराग से गैंग पकड़ में आया

ब्यावरा/खुजनेर। थाना खुजनेर पुलिस द्वारा दिन दहाड़े एक व्यापारी से डेढ़ लाख की की चोरी के मामले में खुलासा करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस द्वारा चोरी गई 1 लाख 49 हजार की संपूर्ण राशि बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल जप्त की गई है. घटना के बाद खुजनेर पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए.

फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों एवं घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए. प्राप्त सुरागों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों की पहचान एवं तलाश प्रारंभ की गई. पूछताछ एवं विवेचना में घटना में एक नाबालिग बालक एवं आरोपी बादल की सक्रिय भूमिका सामने आई तथा अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आने पर उन्हें प्रकरण में आरोपी बनाया गया.

ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम

फरियादी रामचंद उर्फ चंदू पिता बिहारीलाल यादव, उम्र 70 वर्ष, निवासी कृष्णपुरम मार्ग ब्यावरा थाना खुजनेर में रिपोर्ट लिखाई थी. फरियादी सेल्समैन का कार्य करता है. बीते 18 सितम्बर को वह खुजनेर में सामान की सप्लाई करने एवं दुकानदारों से नगदी राशि लेने आया था. उसके पास हरे रंग का एक थैला था, जिसमें दुकानदारों से प्राप्त करीब 1 लाख 49 हजार नगद रखे हुए थे. शाम करीब 04.30 बजे वह गांधी ब्रदर्स की दुकान के सामने, राजगढ़ चौराहा खुजनेर पहुंचा. इसी दौरान उसे महसूस हुआ कि उसके कुर्ता-पायजामा पर पीछे से लाल रंग का कोई तरल पदार्थ डाला गया है. वह दुकान से पानी लेकर अपने कपड़े साफ करने लगा तथा नगदी से भरा हरे रंग का थैला गांधी ब्रदर्स की दुकान के बाहर रखी बोरी पर रख दिया. कुछ देर बाद उसने देखा कि बोरी पर रखा हुआ हरे रंग का थैला वहां नहीं था. अज्ञात व्यक्ति द्वारा थैला चोरी कर लिया गया था, जिसमें करीब 1 लाख 49 हजार नगद रखे हुए थे. फरियादी की रिपोर्ट पर थाना खुजनेर में अपराध पंजीबद्ध क्रिया गया.

व्यापारी का ध्यान भटकाने के लिए नाबालिग का सहारा

सीसीटीवी फुटेज की विवेचना में सामने आया कि बादल पुत्र कृष्णा सिसोदिया, उम्र 22 वर्ष निवासी गुलखेड़ी एक नाबालिग बालक के साथ मिलकर व्यापारी का ध्यान भटकाने एवं नगदी से भरा थैला चोरी करने की वारदात में भूमिका निभाई गई. इनके साथ लक्ष्मी पति सज्जन सांसी निवासी गुलखेड़ी ने नाबालिग बालक को चोरी की वारदात के उद्देश्य से अपने पास रखा था. वहीं अन्य आरोपी प्रिया पिता लाखन सांसी निवासी गुलखेड़ी ने द्वारा आरोपी लक्ष्मी को अपने घर में संरक्षण दिया था. वहीं मुंगावली जिला अशोकनगर निवासी नाबालिग की माता ने बालक को चोरी की वारदात के लिए आरोपियों के संपर्क में भेजा. चोरी में शामिल नाबालिग के पिता को भी आरोपी बनाया है लेकिन वह फरार है.

नाबालिग का पिता वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही है. नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है.

पंजाब, महाराष्ट्र और यूपी में वारदातें कर चुका है मुख्य आरोपी बादल

चोरी की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी बादल पुत्र कृष्णा सिसोदिया, उम्र 22 वर्ष, निवासी गुलखेड़ी, थाना बोड़ा पर विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य अपराधों से जुड़े कुल 12 अपराधिक मामले दर्ज है. इनमें थाना बोड़ा, थाना आगर, कोतवाली शिवपुरी, थाना खाचरोद और थाना महिदपुर जिला उज्जैन, थाना गंगापुर नासिक, थाना बराड़ा, अंबाला, थाना कोलारस शिवपुरी, थाना बबेरू, बांदा, उत्तर प्रदेश, थाना अतर्रा,बांदा, उप्र, थाना जाफराबाद, जालना, महाराष्ट्र में अपराध शामिल है. वहीं आरोपी लक्ष्मी पर थाना मेहराजपुरा ग्वालियर में मामला दर्ज है.

Next Post

मप्र पुलिस का एक्शन: अवैध नशा कारोबार के खिलाफ चला 5 दिवसीय अभियान, कई आरोपी गिरफ्तार

Wed Sep 23 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए गए पांच दिवसीय अभियान में 1.39 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और उनसे संबंधित संपत्ति जब्त की है। विभिन्न जिलों में पुलिस टीमों ने दबिश, तलाशी, नाकाबंदी और चेकिंग की कार्रवाई करते […]

You May Like