
जबलपुर। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत पश्चिम मध्य रेल ने रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता रैली निकाली। बुधवार को सेंट्रल हॉस्पिटल, पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर से निकली रैली को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एस.एस. पाराशर ने की। रैली में यांत्रिक एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लेकर कॉलोनियों में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग रखने और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष कचरा अलग रखने तथा इसके लिए चार अलग-अलग कूड़ेदानों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
इस दौरान यांत्रिक विभाग से अखिलेश कुमार, मुख्य कारखाना इंजीनियर और प्रज्ञेश निम्बालकर, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। चिकित्सा विभाग से मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अशोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित, अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य निदेशक डॉ. आर.एन. मिश्रा, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार चौहान व डॉ. गुंजन गट्टानी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी एम.के. गुप्ता और सहायक नर्सिंग अधिकारी ललिता लाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जन-आंदोलन बनाने और रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण कायम रखने का संदेश दिया गया।
