लंदन, (वार्ता) करुण नायर (नाबाद 52) के साहसिक अर्धशतक और उनकी पिछले मैच के शतकधारी वाशिंगटन सुंदर के साथ सातवें विकेट के लिए 88 गेंदों में 51 रन की अविजित साझेदारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट के वर्षा प्रभावित पहले दिन गुरूवार को संकट से उबरते हुए स्टंप्स तक छह विकेट पर 204 रन बना लिए।
नायर का सीरीज का यह पहला अर्धशतक है। इंग्लैंड के खिलाफ दिसंबर 2016 में घरेलू मैदान में तिहरा शतक बनाने के बाद यह उनका सर्वाधिक स्कोर है। उन्हें सुंदर से अच्छा साथ मिला जिन्होंने 39 गेंदों में नाबाद 19 रन बना लिए हैं।
बारिश की बाधा के कारण खेल का समय बढ़ाया गया लेकिन नायर और सुंदर ने दृढ़ संकल्प के साथ खेलते हुए इस समय को सुरक्षित निकाल लिया।
स्टंप्स के समय नायर 98 गेंदों में सात चौकों की मदद से 52 और सुंदर 45 गेंदों में दो चौकों के सहारे 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
