भोपाल। मंगलवारा स्थित चंदा प्रभु जैन मंदिर में प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव के जन्म कल्याणक के अवसर पर ‘भगवान ऋषभदेव: मानवीय जीवन प्रबंधन एवं वैश्विक कल्याण’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुनि विमल सागर और मुनि अनंत सागर की उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी शशि भाई सेठ ने कहा कि भगवान ऋषभदेव केवल जैन धर्म ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के पथप्रदर्शक हैं। विशिष्ट अतिथि आईजी (पीएचक्यू) मलय जैन ने उनके सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मानव समाज को असि, मसि और कृषि का ज्ञान देकर आत्मनिर्भर बनाया।
दिगंबर जैन महासभा के अध्यक्ष संजय जैन मुंगावली ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में मुनि संघ ने प्रवचन देते हुए लोगों को सदाचार और पांच पापों से दूर रहने का संकल्प दिलाया। संचालन पंकज प्रधान ने किया।
