
मोरवा थाना क्षेत्र के सिलफोरी गांव की घटना, तीन व्यक्ति घायल
नवभारत न्यूज
सिंगरौली 3 फरवरी। आज दिन सोमवार की शाम मोरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलफोरी में हुई दर्दनाक घटना में दो लोगों की जान चली गई। वहीं ट्रैक्टर में सवार तीन अन्य घायल हो गए। जिनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलफोरी क्षेत्र में वन विभाग का कार्य जारी है। जिसमें नर्सरी में सिंचाई के लिए ट्रैक्टर से पानी का टैंकर लेकर नर्सरी ले जाया जा रहा था। इसी बीच सिलफोरी कतरिहार मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर का पानी से भरा टैंकर सड़क से नीचे उतर गया। जिस कारण पूरा ट्रैक्टर ही अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वहां लोगों की चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीण लोग जमा हो गए। इसके बाद घायलों की मदद में जुटे लोगों ने मोरवा पुलिस को इसकी सूचना दी। इस घटना में ट्रैक्टर चालक विनय कुमार पिता लाल कुमार गुर्जर उम्र 20 वर्ष एवं शिव प्रसाद पिता देवनारायण गुर्जर उम्र 32 वर्ष निवासी सिलफोरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे में किसुन कुमार पिता देवनाथ गुर्जर उम्र 40 वर्ष, वीरेंद्र कुमार पिता रामस्वरूप गुर्जर उम्र 26 वर्ष एवं विजय कुमार पिता रामेश्वर खैरवार उम्र 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीओपी कृष्णा कुमार पाण्डेय व मोरवा निरीक्षक यू पी सिंह द्वारा भेजी गई। पुलिस टीम ने घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वही परिजनों व ग्रामीणों को समझाते हुए शवों को पीएम के लिए रवाना किया।
इनका कहना:-
सिलफोरी से मुख्य सड़क है, सिलफोरी वन क्षेत्र में कुछ काम चल रहा है। नर्सिरी में सिचाई का काम होता है। ट्रैक्टर के साथ एक वाटर टैंकर भी था। जिसमें बेकाबू ट्रैक्टर पलट गया और उसमें सवार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गये हैं। जिनका इलाज चल रहा है।
केके पाण्डेय
एसडीओपी, मोरवा
