
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को अपने जिला, ब्लॉक एवं मंडलम कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा बूथ स्तर एजेंटों के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी गतिविधियों के लिए रणनीति तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में कार्यकर्ताओं को प्रभावी ढंग से मार्गदर्शन देने के तरीकों पर विशेष जोर दिया गया तथा मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन के महत्व को समझाया गया। यह निर्णय लिया गया कि पार्टी द्वारा मतदाता सूची का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिसमें बूथ स्तर एजेंट, पंचायत और वार्ड समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
जिला स्तर के चुनाव कार्य से जुड़े प्रभारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया, वहीं पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिकाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। संगठन महामंत्री संजय कामले ने बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बूथ स्तर पर सत्यापन को पार्टी का संकल्प बताया।
कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम, डाटा प्रबंधन और सोशल मीडिया के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।