
छिन्दवाड़ा. राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला एनएसयूआई की अहम बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार छात्रों के साथ अन्याय और शोषण में कोई कसर नहीं छोड़ रही। सरकार की नीतियां छात्र विरोधी है।
एनएसयूआई की यह जिम्मेदारी है कि वह छात्रों पर हो रहे अन्याय और शोषण की सच्चाई को सामने लाएं। नीट पेपर लीक तो सामने आ गया इससे भी बड़े-बड़े लीक इस सरकार में हुए हैं जिन्होंने छात्रों का भविष्य बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। नकुलनाथ ने अपने सारगर्भित उदबोधन में आगे कहा कि युवाओं की शिक्षा और रोजगार मेरी पहली प्राथमिकता है। मैंने सांसद बनते ही सर्वप्रथम छिन्दवाड़ा को यूनिवर्सिटी की सौगात दी, जिसमें ऐसे विषयों का चयन किया जो मध्य भारत के किसी भी विश्वविद्यालय में नहीं पढ़ाए जाते। किन्तु आप सभी जानते हैं कि भाजपा ने सत्ता में आते ही भाजपा ने यूनिवर्सिटी को दो कमरे में सीमित कर दिया। जिस जमीन का आवंटन हुआ आज तक वहां भवन नहीं बन पाया, लेकिन चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। मेरा आप सभी से वादा है कांग्रेस की सरकार बनते ही यूनिवर्सिटी पूर्ण आकार लेगी और मध्य भारत ही नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष में पहचानी जाएगी। केन्द्र में भाजपा की सरकार को 12 वर्ष और मप्र में लगभग 22 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, युवा अपने हक और अधिकार के लिए सड़कों पर आ चुके हैं, लेकिन यह सरकार अपने अहंकार से बाहर नहीं आ रही है। वर्ष 2014 से 2026 तक भाजपा शासित राज्यों में 200 से अधिक पेपर लीक हुए हैं। जबकि पांच वर्षों में भाजपा शासित 15 राज्यों में 41 पेपर लीक हुए हैं।
कुल मिलाकर अब तक 1.4 करोड़ नौकरी के उम्मीदवार इन पेपर लीक से प्रभावित हुए हैं। अगर सवाल किया जाए कि दोषियों पर कितनी कार्रवाई हुई तो इसका आंकड़ा शून्य ही आएगा। आप सभी की जिम्मेदारी है कि छात्रों पर जारी अत्याचार और शोषण के खिलाफ सतत रूप से आवाज उठाते रहें। बैठक के उपरांत एनएसयूआई के नवनियुक्त पदाधिकारियों को माननीय नकुलनाथ जी के हस्ते नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
