
छिंदवाड़ा. गुरूवार को परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा बिछुआ-चांद-खमारपानी क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की जांच की गई। जांच अभियान के दौरान छोटे-बड़े लगभग 30 स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों के समस्त दस्तावेज, चालक के ड्रायविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य बिंदुओं की जांच की गई। जांच के दौरान स्कूल वाहन क्रमांक एमपी 19 टी 3552 बिना बीमा, फिटनेस एवं बिना परमिट संचालित पाया गया। इस पर वाहन को जब्त कर पुलिस थाना बिछुआ परिसर में खड़ा कराया गया। इसके अलावा मोटरयान अधिनियम के तहत दस्तावेजों एवं अन्य कमियां पाए जाने पर 06 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 75,500 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी गई कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। अन्यथा कमियां पाए जाने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
