मुंबई, 23 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौट आई हालांकि आईटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का जोर देखा गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 119 अंक ऊपर 74,648 अंक पर खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। कारोबार की समाप्ति पर यह 299.17 अंक (0.40 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 74,828.25 अंक बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी लगभग ऐसा ही रहा। यह 117.80 अंक यानी 0.50 प्रतिशत चढ़कर 23,446.80 अंक पर पहुंच गया। मंगलवार को दोनों प्रमुख सूचकांकों में गिरावट रही थी। वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.57 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.89 प्रतिशत मजबूत हुआ।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी 0.87 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया 0.50 प्रतिशत गिर गया। धातु समूह के सूचकांक में 2.40 प्रतिशत, एफएमसीजी में 1.32 प्रतिशत और रियल्टी में 1.10 प्रतिशत की तेजी रही। फार्मा, वित्त, बैंकिंग, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक भी ऊपर बंद हुए। एनएसई में जिन 3,689 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,344 के शेयरों में तेजी और 1,232 में गिरावट रही। अन्य 113 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक 3.28 प्रतिशत की बढ़त में रहा। बजाज फाइनेंस का शेयर 3.07 प्रतिशत, आईटीसी का 1.77 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.73, पावरग्रिड का 1.65, एलएंडटी का 1.50, बजाज फिनसर्व का 1.15, सन फार्मा का 1.14 और अडानी पोर्ट्स का 1.04 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयर भी हरे निशान में रहे।
आईटी सेक्टर में बिकवाली के कारण एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.10 प्रतिशत, इंफोसिस का 1.03 प्रतिशत और टीसीएस का 0.95 प्रतिशत टूट गया। टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.38 प्रतिशत चढ़ गया। हांगकांग के हैंग सेंग में 1.01 प्रतिशत और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.39 प्रतिशत की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.69 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.10 प्रतिशत नीचे था।

