
इंदौर। नर्मदा विकास विभाग के एक उपयंत्री को ठेकेदार से 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने पकड़ लिया। ठेकेदार ने निर्माण कार्य पूरा करने के बाद बकाया भुगतान और सिक्योरिटी राशि लौटाने के लिए संपर्क किया था। आरोप है कि इसके बदले उपयंत्री ने 55 हजार रुपए मांगे थे।
ठेकेदार लखन राठौर ने 10 सितंबर को लोकायुक्त में शिकायत की थी। उसने बताया कि वर्ष 2024 में पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष बनाने का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद विभाग में बिल जमा किए। करीब 13 लाख रुपए का भुगतान मिल चुका था, जबकि कुछ भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि बाकी थी। इसी राशि को जारी करने के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की गई।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद बुधवार को लोकायुक्त टीम ने पुनासा स्थित नर्मदा विकास संभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। तकनीकी कक्ष में उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपए लेते पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
