
रीवा। परिवहन विभाग, रीवा ने एक विशेष अभियान चलाया है. इस अभियान के तहत बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट और पीयूसी की कमी वाले 83 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई से विभाग ने कुल 70,000 रुपये का राजस्व वसूला है.
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और सडक़ों पर वाहनों की सघन जांच की. जांच में पाया गया कि कई वाहन बीमा, फिटनेस और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्रों के बिना सडक़ों पर दौड़ रहे थे, जो सडक़ सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे थे. विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई वाहन मालिकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने का प्रयास है. इसके अलावा व्ही एल टी डी, गति नियंत्रक की अनुपस्थिति, अग्निशामक यंत्र, फास्टेड बॉक्स न होने और रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की कमी जैसे अन्य उल्लंघनों पर भी चालान जारी किए गए. यह कार्यवाही रीवा आरटीओ के निर्देशन में परिवहन सुरक्षा स्कवाड रीवा द्वारा की गई. इन उल्लंघनों से सडक़ दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ता है, इसलिए विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पर और सख्ती की जाएगी.
