अवैध कब्जों पर चला बुल्डोजर, अतिक्रमणकारियों ने किया हंगामा

जबलपुर। सदर मेन रोड से लेकर सब्जी मंडी तक के बीच में कई इलाकों में जमे अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बुधवार को कैंट बोर्ड के अमले ने सख्त रूख धारण कर लिया। हुआ यूं कि कुछ ही घंटों में कैंट बोर्ड के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने बुल्डोजर की मदद से अवैध कब्जों को ढहा दिया। इस कार्रवाई का कब्जाधारियों ने विरोध भी किया लेकिन कैंट बोर्ड के अमले ने किसी की नहीं सुनी और अवैध कब्जों को ढेर कर दिया।

कैंट बोर्ड की ताबड़तोड़ अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही से पूरे सदर बाजार क्षेत्र में हडकंप मच गया। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर विधायक अशोक रोहाणी भी आ पहुंचे। उनका कहना था कि कैंट बोर्ड को कार्यवाही के पहले मुनादी करानी चाहिए थी। वहीं कैंट बोर्ड के अमले ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को चेताने लगातार मुनादी कराई जा रही थी। लेकिन अतिक्रमणकारी लगातार सड़क की ओर बढ़ते जा रहे थेे। जिसके चलते आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। कैंट बोर्ड प्रशासन द्वारा बुधवार सुबह सदर गणेश चौक स्थित दुकानों में आगे बढ़ाकर बनाए गए शेड् हटाए गए। इसके बाद अतिक्रमण विरोधी अमला गली नंबर एक स्थित सदर सब्जी मंडी पहुंचा। यहां कैंट बोर्ड द्वारा करीब 45 गुमटियां सब्जी विक्रेताओं को आवंटित की गई हैं, लेकिन सब्जी विक्रेता निर्धारित गुमटियों की सीमा से बाहर आकर सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगा रहे थे। इसको लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए सभी अवैध कब्जों को ढेर कर दिया गया।

सब्जी विक्रेताओं ने कहा.. मौका तक नहीं दिया गया…

इस दौरान कुछ सब्जी विक्रेताओं का समूह सड़क पर आ गया और हंगामा करने लगा। इस दौरान सब्जी विक्रेताओं का कहना था कि उन्हें सामान हटाने तक का मौका नहीं दिया गया, कुछ दुकानदारों ने तो दुकान के गल्ले में रखी राशि गायब होने के भी आरोप लगाए और कैंट पुलिस थाना में इसकी शिकायत भी की।

अमले ने बुधवार को पहलवान बाबा चौक स्थित मंदिर के समीप चाय की दुकान पर भी सख्त कार्रवाई की और दुकान को जप्त करते हुए वहां गड्ढे खोद दिए जिससे उस स्थान पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके। अब केंंट बोर्ड का अमला इस स्थान पर फेंसिंग करने की तैयारी में जुट गया है। विदित हो कि पहलवान बाबा चौक स्थित मंदिर के समीप चाय की दुकान व इसके आसपास अवैध रूप से शराब बेची जाती थी और यहां अधिकतर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता था। इसकी शिकायत जब कैंट बोर्ड तक पहुंची तो फिर अमले ने अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को अंजाम दे दिया।

Next Post

शेयर बाजारों में तेजी, सेंसेक्स 299 अंक चढ़ा

Wed Sep 23 , 2026
मुंबई, 23 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौट आई और बीएसई का सेंसेक्स 299 अंक ऊपर बंद हुआ। सेंसेक्स में सुबह से ही तेजी रही। यह 119 अंक ऊपर 74,648 अंक पर खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। अंत में यह 299.17 अंक (0.40 […]

You May Like