
रतलाम। पुलिस ने वाहन चोरी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए कई सीसीटीवी फूटेज खंगाले। इसके बाद एक सीसीटीवी में युवक नजर जाया। इसकी शिनाख्त करते हुए आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि महंगी गाड़ी के शौक में एक युवक बाइक चोर बन गया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी माणकचौक रतलाम निरीक्षक पतिराम डावरे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा वाहन चोरी के एक प्रकरण का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई दो रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल जब्त करने में सफलता प्राप्त की। 29-30 दिसंबर की मध्य रात्रि में फरियादी पियूष पावेचा, निवासी न्यू क्लॉथ मार्केट, रतलाम के घर के सामने खड़ी उसकी रॉयल एनफील्ड बुलेट (गन मेटल ग्रे 4 रंग), क्रमांक एमपी 43ईए 9264, को अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर ले जाने की घटना हुई।
थाना माणकचौक रतलाम पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना माणकचौक पुलिस द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास एवं शहर में लगे शासकीय एवं निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर पुलिस टीम द्वारा बांसवाड़ा (राजस्थान) जाकर आरोपी अर्जुन उर्फ अभिषेक पिता ईश्वरलाल त्रिवेदी, (25) निवासी ग्राम पचलासी, थाना खाचरोद, जिला उज्जैन (म.प्र.) को राउंड-अप कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से फरियादी की चोरी गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी अर्जुन उर्फ अभिषेक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे महंगी मोटरसाइकिल चलाने का शौक है। इसी कारण उसने रॉयल एनफील्ड बुलेट की चोरी की। आरोपी द्वारा बांसवाड़ा (राजस्थान) से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।
चोर मंहगी बाईकें जब्त
पूछताछ एवं जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी जिस बुलेट मोटरसाइकिल से चोरी करने आया था, वह वाहन भी चोरी का था। इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल दो चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें जब्त करने में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है।
