सिंगरौली : जिला मुख्यालय बैढ़न से ज्यादा दूर नहीं, नपानि के वार्ड क्रमांक 28 कचनी की मुख्य बस्ती आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है।
बस्ती में वर्षों से समुचित नाली व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। कई स्थानों पर सड़के भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। कचनी मुख्य बस्ती में प्रवेश करते समय कुछ दूरी तक नालियां बनी हुई हैं, लेकिन आगे बढ़ते ही नाली व्यवस्था पूरी तरह गायब हो जाती है। इसके चलते घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर ही बहता रहता है। कई स्थानों पर जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित साफ.-सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो रही है। वार्डवासियों का यह भी कहना है कि यहां ननि के साफ-सफाई कर्मी आते ही नही हैं, जब कहीं बस्ती में कोई अवसर कार्यक्रम होते हैं तो, तभी सफाईकर्मी दिखाई देते हैं। वरना यहां दूर-दूर तक सफाई कर्मी दिखाई नही देते।
वर्षों से नाली निर्माण की मांग
बस्तीवासियों के मुताबिक पूरे क्षेत्र में व्यवस्थित नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। वहीं नाली निर्माण अब तक क्यों नहीं हुआ, इस सवाल पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से ठोस जवाब की अपेक्षा है। लोगों का आरोप है कि कचनी की मुख्य बस्ती के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। साथ ही स्थानीय प्रबुद्धजनों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद कचनी की मुख्य बस्ती मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। लोगों ने इसे बस्ती के साथ सौतेला व्यवहार बताया है। इधर स्थानीय लोगों ने पूरी बस्ती में नाली निर्माण, सड़क से अतिक्रमण हटाने, नियमित साफ.-सफाई कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
जगह-जगह अतिक्रमण,सफाई व्यवस्था बदहाल
नालियों के अभाव में घरों का पानी सीधे सड़क पर निकल रहा है। बरसात के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं। सड़क किनारे जमा गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। वहीं बस्ती में कई स्थानों पर सड़क किनारे बाउंड्री बनाकर जमीन घेरने के आरोप हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ नाली निर्माण में भी बाधा आ रही है। साथ ही नाली नहीं होने के साथ सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। गंदगी और जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। यहां ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कई जगह अतिक्रमण है ही, पूरे बस्ती में नाली का निर्माण हुआ है कि नही, इसे तो ननि के अधिकारी ही बताएंगे और शायद पार्षद भी वार्ड विकास के लिए ननि अधिकारियों पर दबाव नही बना पा रहे हैं। इधर यहां के रहवासियों ने नियमित सफाई कराने की मांग की है।
