नयी दिल्ली 10 अप्रैल (वार्ता) जनगणना 2027 के अंतर्गत अब तक देश में 5 लाख 72 हजार से अधिक परिवारों ने स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाया है। महापंजीयक और जनगणना आयुक्त के कार्यालय ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। इस पोस्ट में कहा गया है,” 5.72 लाख से अधिक परिवारों ने अब तक स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाया है, जो जनगणना2027 की डिजिटल पहल में बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।अपनी जानकारी ऑनलाइन प्रदान करके, इन परिवारों ने राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने के लिए एक तेज, स्मार्ट और अधिक सुविधाजनक तरीके को अपनाया है।” महापंजीयक कार्यालय ने कहा है ,”
जनगणना के पहले चरण में – गृह सूचीकरण और आवास जनगणना (एचएलओ) के लिए स्व_गणना सुविधा फिलहाल कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जारी है। यदि आपके राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है, तो इसमें शामिल हों और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं गणना करें!”उल्लेखनीय है कि जनगणना के दौरान पहली बार नागरिकों को स्वगणना का विकल्प दिया गया है। भारत की 16वीं और पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना एक अप्रैल से शुरू होकर 2027-28 तक चलेगी। यह दो चरणों में होगी। पहला चरण (अप्रैल-सितंबर 2026) मकानों की सूचीकरण के लिए और दूसरा (फरवरी 2027) जनसंख्या के लिए, जिसमें पहली बार स्व-गणना और जाति-आधारित डेटा शामिल होगा। यह 11,718 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना है।

