एचपीवी वैक्सीन: छात्राओं में उत्साह, 14-15 वर्ष की बालिकाओं के 100% वैक्सीनेशन के निर्देश

छतरपुर। जिले में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में स्कूलों में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

गुरुवार को कलेक्टर ने नौगांव स्थित सांदीपनि विद्यालय, मानपुरा एवं महाराजपुर के शासकीय हाई स्कूलों में लगाए गए वैक्सीनेशन शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उन बालिकाओं और अभिभावकों को समझाइश दी, जो वैक्सीन लगवाने में हिचकिचा रहे थे। कलेक्टर ने वैक्सीन के फायदे बताते हुए इसे सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम बताया।

कलेक्टर की समझाइश के बाद कई अभिभावकों ने आगे आकर अपनी बेटियों को वैक्सीन लगवाई। वैक्सीन लगवाने के बाद छात्राओं ने कलेक्टर के साथ फोटो खिंचवाया और विक्ट्री साइन दिखाकर अभियान के प्रति उत्साह और जागरूकता का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वैक्सीनेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम जी.एस. पटेल, सीएमएचओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

नौगांव को सौगात: 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल का भव्य शुभारंभ

Fri Apr 10 , 2026
नौगांव। क्षेत्रवासियों के लिए आज दिन स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित हुआ। लंबे समय से प्रतीक्षित 50 बेड की क्षमता वाले सर्वसुविधायुक्त सिविल अस्पताल का औपचारिक शुभारंभ विधायक कामाख्या प्रताप सिंह और कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अस्पताल के शुरू […]

You May Like