करंट से मौत के बाद परिजनों ने हाईवे किया जाम

*पड़ोसी के घर बिजली की मरम्मत के लिए गया था*

ग्वालियर। गिरवाई पर करंट लगने से युवक की मौत के बाद परिजनों ने हाईवे पर पत्थर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने मुआवजे की मांग और दोषियों पर कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

गिरवाई थाना क्षेत्र के काला सैयद के पास बैलदार का पुरा में दरमियानी रात 12:15 बजे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय वीरेन्द्र कुशवाहा के रूप में हुई। वह मजदूरी का काम करता था। घटना की जानकारी के अनुसार, वीरेन्द्र रात 9 बजे अपने घर लौटा और खाना खाकर सो गया था। रात करीब 11:30 बजे उसका पड़ोसी मोनू रजक उसे अपने घर बिजली की मरम्मत के लिए ले गया था।

वीरेन्द्र जब मोनू के घर बिजली ठीक कर रहा था, तब बिजली के तार की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही उसका भाई बंटी और गजराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत वीरेन्द्र को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे चेकअप करने के बाद मृत घोषित कर दिया। आज मंगलवार को वीरेंद्र का पोस्टमार्टम होने के बाद नाराज परिजनों ने शव को ले जाकर शंकर कॉलोनी के पास पुलिया पर रखकर चक्का जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।

सीएसपी चंद्रभान सिंह चढ़ार ने बताया कि बीती रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी जिससे नाराज होकर परिजनों ने शव को रखकर चक्काजाम कर दिया था। सूचना पर मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर चक्काजाम खुलवा दिया गया।

Next Post

काबुल पहुंची भारत की ओर से अफगानिस्तान के भूकंप प्रभावितों के लिए भेजा गयी सहायता सामग्री

Tue Sep 2 , 2025
नयी दिल्ली 02 सितंबर (वार्ता) भारत की ओर से अफगानिस्तान के भूकंप प्रभावितों की सहायता के लिए भेजी गयी सहायता सामग्री मंगवार को काबुल पहुंच गयी। हवाई मार्ग से भेजी गयी सहायता सामग्री में कंबल, टेंट, स्वच्छता किट, जल भंडारण टैंक, जनरेटर, खाना बनाने के लिए बर्तन, पोर्टेबल वाटर प्यूरीफायर, […]

You May Like