मॉस्को, 01 अगस्त (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको शुक्रवार को एक अनौपचारिक बैठक में द्विपक्षीय संबंधों और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने यह जानकारी दी।
इससे पहले दिन में बेलारूस के ‘पुल पेर्वोगो टेलीग्राम चैनल’ ने बताया था कि श्री लुकाशेंको रूस में कुछ काम के लिये यात्रा पर जाएँगे। इस दौरान श्री पुतिन के साथ उनकी बैठक होने की उम्मीद है।
इस बीच श्री पेस्कोव ने कहा “श्री पुतिन और श्री लुकाशेंको के बीच एक अनौपचारिक बैठक होगी जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी। इसमें स्वाभाविक रूप से व्यापार, आर्थिक संबंधों और संघीय परियोजनाओं के कार्यान्वयन आदि पर चर्चा के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी होगा।”
