नई दिल्ली: भारत के अलग-अलग रंगों और सच्चाइयों को अपने कैमरे में कैद करने वाले देश के प्रख्यात फोटोग्राफर रघु राय का रविवार सुबह एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से कला और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।रघु राय का अंतिम संस्कार रविवार शाम 4 बजे लोधी श्मशान घाट पर किया जाएगा। परिवार में उनकी पत्नी गुरमीत, बेटे नितिन और तीन बेटियां लगन, अवनि और पूर्वाई हैं।
रघु राय ने अपने लंबे करियर में भारत की कई ऐतिहासिक और संवेदनशील घटनाओं को अपने कैमरे में कैद किया। खासतौर पर भोपाल गैस त्रासदी की उनकी तस्वीरें आज भी लोगों के दिलों को झकझोर देती हैं। इस त्रासदी के पीड़ितों की जो तस्वीरें उन्होंने दुनिया के सामने रखीं, उन्होंने पूरे विश्व का ध्यान इस भयावह हादसे की ओर खींचा।
