नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान को लेकर पुलिस-इनफ्लुएंसर मीट आयोजित

नीमच। नशे के विरुद्ध जनजागरूकता को प्रभावी बनाने एवं ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में पुलिस-इनफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश जी व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं हेड कांस्टेबल श्री ज्ञानचंद जी यादव सहित नीमच जिले के लगभग 20 से 25 सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शामिल हुए।

 

बैठक का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना रहा। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से तैयार किए गए प्रभावी एवं रचनात्मक कंटेंट के जरिए नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।

 

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश जी व्यास ने कहा कि इस अभियान में नीमच पुलिस सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ मिलकर कार्य करेगी। विभिन्न गतिविधियों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने आगामी दिनों में पुलिस विभाग द्वारा फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने का संदेश भी समाज तक पहुंचाया जाना चाहिए। ‘खेल को अपनाएं, नशे को दूर भगाएं’ जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

 

मीटिंग के दौरान उपस्थित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने भी अपने-अपने सुझाव साझा किए। इनफ्लुएंसर ने बताया कि किस प्रकार रचनात्मक वीडियो, प्रभावी स्क्रिप्ट एवं विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया कंटेंट के माध्यम से नशे के विरुद्ध सकारात्मक और प्रभावी संदेश आमजन तक पहुंचाया जा सकता है।

 

बैठक में यह सहमति बनी कि अभियान से जुड़ी आगामी सभी गतिविधियों में नीमच जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, नीमच पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

 

उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर विवेक शर्मा, टूरिस्ट गाइड हिम्मत सिंह चंद्रावत एवं इनफ्लुएंसर अमन राठौर ने पुलिस अधीक्षक श्री राजेश जी व्यास से मुलाकात कर ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर को जोड़ने का सुझाव दिया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए महज दो दिनों के भीतर पुलिस-इनफ्लुएंसर मीट का आयोजन करवाया गया। इससे उनकी सक्रियता एवं जनजागरूकता अभियानों के प्रति सजगता का परिचय मिलता है।

 

इस बैठक में नीमच जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 20 से 25 सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शामिल हुए, जिनमें कई ऐसे इनफ्लुएंसर भी हैं जिनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाखों की संख्या में फॉलोअर्स हैं और जिनके कंटेंट को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं। ऐसे में इनफ्लुएंसर के माध्यम से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलने की उम्मीद है।

 

उक्त जानकारी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर विवेक शर्मा ने दी।

Next Post

करंट लगने से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजनों ने बिजली विभाग कार्यालय का किया घेराव, चक्काजाम

Sat Jul 25 , 2026
अनूपपुर, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे राजहा तालाब के पास करंट लगने से लगभग 42 वर्षीय कमलेश पटेल की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग बिजली विभाग कार्यालय पहुंच गए, जहां उन्होंने कार्यालय का घेराव कर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने घटना के लिए बिजली […]

You May Like