बिजली लाइन सुधारते समय आउटसोर्स कर्मी को लगा करंट, 25 फीट नीचे गिरने से दोनों पैर टूटे

छतरपुर। जिले के सटई थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुरा गांव में बिजली लाइन सुधार कार्य के दौरान एक आउटसोर्स कर्मी गंभीर हादसे का शिकार हो गया। खंभे पर चढ़कर लाइन दुरुस्त करते समय अचानक करंट लगने से वह करीब 20 से 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय दयाशंकर पटेल बिजली लाइन की मरम्मत के लिए खंभे पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे जमीन पर गिर पड़े। गिरने की ऊंचाई अधिक होने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद साथियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल कर्मी को संभाला और विद्युत कंपनी की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण लंबे समय तक इलाज की आवश्यकता रहेगी।

घटना के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों ने विद्युत कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जोखिम भरे कार्य के दौरान उन्हें सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड दस्ताने और हेलमेट जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिससे हर बार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे दोहराए जा सकते हैं, जिससे विभागीय जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

Next Post

तेलंगाना में कड़ी सुरक्षा के बीच नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी

Wed Feb 11 , 2026
हैदराबाद, 11 फरवरी (वार्ता) तेलंगाना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह नगर पालिकाओं और नगर निगमों के चुनावों के लिए मतदान हो रहा है। राज्य में 116 नगर पालिकाओं और सात नगर निगमों में सुबह सात बजे वोटिंग शुरू हुई और शाम 400 बजे तक चलेगी। तेलंगाना राज्य […]

You May Like