नयी दिल्ली, 04 अप्रैल (वार्ता) सरकारी क्षेत्र की स्टील उत्पादक महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने भारतीय नौसेना को सौंपे गये नये युद्धक पोत आईएनएस तारागिरी के लिए देश में ही विशेष प्रकार का इस्पात विकसित कर उसकी आपूर्ति की।
नीलगिरी-श्रेणी (प्रोजेक्ट 17 ए) के चौथे स्टील्थ फ्रिगेट, इस युद्धपोत को शुक्रवार को नौसेना में शामिल किया गया।
सेल की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उसने मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड को इस युद्ध पोत के निर्माण के लिए लगभग 4,000 टन विशेष ग्रेड के स्टील प्लेट की आपूर्ति की जो इस पोत की जरूरतों के लिए पूरी थी। इस विशेष इस्पात का उत्पादन सेल के बोकारो, भिलाई और राउरकेला स्थित एकीकृत इस्पात संयंत्रों में किया गया है, जो कंपनी की उन्नत धातुकर्म क्षमताओं और निरंतर गुणवत्ता मानकों को प्रदर्शित करता है। कंपनी ने इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण नौसैनिक प्लेटफार्मों के लिए स्पेशल स्टील की आपूर्ति की है, जिसमें स्वदेशी विमान वाहक आईएनएस विक्रांत और प्रोजेक्ट 17ए श्रेणी के पहले तीन जहाज, आईएनएस नीलगिरी, आईएनएस हिमगिरि और आईएनएस उदयगिरि शामिल हैं।
