
नौगांव। क्षेत्रवासियों के लिए आज दिन स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित हुआ। लंबे समय से प्रतीक्षित 50 बेड की क्षमता वाले सर्वसुविधायुक्त सिविल अस्पताल का औपचारिक शुभारंभ विधायक कामाख्या प्रताप सिंह और कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अस्पताल के शुरू होने से अब स्थानीय निवासियों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्रांति का परिणाम
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए संकल्पित है। विधायक ने जोर देते हुए कहा कि यह 50 बेड का अस्पताल क्षेत्र की जनता के लिए सरकार की ओर से एक बड़ी भेंट है, जिससे समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित होगा।
जल्द उपलब्ध होंगी अत्याधुनिक सुविधाएं: कलेक्टर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में उपलब्ध सुविधाओं के अतिरिक्त, अस्पताल में जिन भी आधुनिक मशीनरी, चिकित्सकीय उपकरणों और अन्य संसाधनों की आवश्यकता है, उन्हें जल्द ही प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बीएमओ को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और मरीजों की देखभाल के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक अवसर पर एसडीएम जी.एस. पटेल, सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता, बीएमओ डॉ. रविन्द्र पटेल के साथ-साथ नगरपालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, जनपद अध्यक्ष हेमलता पाठक और विभिन्न वार्डों के पार्षदगण उपस्थित रहे। नगर के गणमान्य नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
