भोपाल:मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा फर्जी वोटिंग के सनसनीखेज खुलासे से बीजेपी नेताओं की बौखलाहट खुलकर सामने आ गई है। राहुल गांधी ने सबूतों के साथ बताया कि कर्नाटक की महादेवपुरा सीट पर 1 लाख से अधिक फर्जी मतदाता जोड़े गए, हरियाणा में एक सीट पर ही 1 लाख फर्जी वोट, महाराष्ट्र में 5 महीने में 1 करोड़ से ज्यादा मतदाता बढ़ाए गए और मध्यप्रदेश में पोस्टल बैलेट हारने के बावजूद बीजेपी EVM से जीती।
पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने संवैधानिक संस्थाओं में गहरी पैठ बना ली है और चुनाव आयोग भी सत्ताधारी दल का हथियार बन गया है। उन्होंने कहा कि आयोग सबूत मिलने के बावजूद जांच से बच रहा है और वोटर लिस्ट देने से इंकार कर रहा है। पटवारी ने जनता से अपील की कि यह लड़ाई हर नागरिक की है और लोकतंत्र बचाने के लिए मिलकर इस साजिश का पर्दाफाश करना होगा।
