नोटिस दिए जाने से नाराज पटवारियों का हंगामा

सीहोर। देवास में 3 पटवारियों की सेवा समाप्ति और सीहोर में 216 को नोटिस देने से गुस्साए पटवारी बुधवार शाम कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए इस तरह की कार्रवाई का विरोध किया.

जोरदार नारेबाजी के बीच पटवारियों का कहना था कि स्वामित्व अभिलेख पत्र का काम एवं अन्य कार्यों को आधार बनाकर जो कार्रवाई की जा रही है उसका वह विरोध करते हैं. ज्ञापन में साफ कहा गया है कि वह सभी ऑन लाइन राजस्व कार्य नहीं करेंगे. साथ में यदि कहीं पर भी दंडात्मक कार्रवाई की गई तो बिना सूचना के टोटल शट डाउन व अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। जहां पर भी इस तरह की कार्रवाई हुई हैं उन्हें वापस लेने की मांग की गई.

जिले में 216 पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं. यह कार्रवाई मंगलवार और बुधवार को हुई. इन पटवारियों को दिए नोटिस में कहा गया है कि उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन के काम में घोर लापरवाही की है. इस काम में उदासीनता बरतने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया है.

नोटिस में कहा गया है कि 3 दिन के अंदर अपने अपने हल्कों में काम की प्रगति लाएं. साथ में अपना स्पष्टीकरण कार्यालय में उपस्थित होकर दें. काम में संतोषजनक प्रगति नहीं होने और स्पष्टीकरण नहीं देने पर यह माना जाएगा कि आपको इस संबंध में कुछ नहीं कहना है. इसलिए आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा जाएगा.

गौरतलब है कि जिले में कुल 416 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से वर्ष 2024 में नियुक्त हुए 126 पटवारी भी शामिल हैं. इन सभी ने शुरू से ही इस अभियान से दूरी बनाए रखी और अभी भी उनका विरोध चल रहा है. ऐसे में आगामी दिनों में पटवारियों का प्रदर्शन और जोर पकड़ सकता है.

 

 

Next Post

बेकाबू होकर सड़क से उतरी स्कूल बस

Thu Oct 8 , 2026
अहमदपुर। थाना क्षेत्र में पीपलखेड़ा के पास बुधवार को बच्चों से भरी ज्ञान वैली स्कूल की बस सड़क से उतरकर नीचे चली गई. हादसे के समय बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे. घटना में एक बच्ची को मामूली चोट आई है, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया […]

You May Like