अहमदपुर। थाना क्षेत्र में पीपलखेड़ा के पास बुधवार को बच्चों से भरी ज्ञान वैली स्कूल की बस सड़क से उतरकर नीचे चली गई. हादसे के समय बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे. घटना में एक बच्ची को मामूली चोट आई है, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया.
जानकारी के अनुसार ज्ञान वैली स्कूल की बस दोराहा जोड़ की ओर से बच्चों को लेकर रसूलपुरा जा रही थी. पीपलखेड़ा के समीप अचानक बस बेकाबू हो गई और सड़क से उतरकर झाडिय़ों व गड्ढे वाले हिस्से में चली गई. बस के नीचे उतरते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई. जानकारी मिलते ही ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और बच्चों को बस से बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. हादसे में बस पलटने से बच गई, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि अहमदपुर थाना क्षेत्र में ज्ञान वैली स्कूल की बस रसूलपुरा गांव जाते समय सड़क से नीचे उतर गई थी. हादसे में एक बच्ची को मामूली चोट आई है. जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
