
छतरपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक लैब में काम करने वाली युवती के साथ विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
विवाह का प्रलोभन देकर किया शोषण
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सिविल लाइन क्षेत्र की एक लैब में कार्यरत है। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने विवाह का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।
सीएसपी ने दी मामले की जानकारी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अरुण कुमार सोनी ने आज 13 मई, बुधवार दोपहर 2:00 बजे सिविल लाइन थाने में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला थाने में दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सीएसपी सोनी ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।